इन दिग्गज क्रिकेटर्स का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में है दर्ज

गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स दुनिया की सबसे प्रसिद्ध और वैध रिकॉर्ड पुस्तकों में से एक है। इसमें दुनिया भर के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड शामिल हैं। जहाँ, एक ओर गिनीज बुक में कुछ अजीबोगरीब कारनामे वाले रिकॉर्ड दर्ज हैं वहीं इसमें क्रिकेट के कुछ लोकप्रिय रिकॉर्ड भी दर्ज हैं। वास्तव में, क्रिकेट की प्रत्येक गेंद अपने आप मे एक रिकॉर्ड है। लेकिन आज हम यहां आपको उन क्रिकेटर्स के बारे में बताने जा रहे हैं जिनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में शामिल है।
1.) महेंद्र सिंह धोनी:
भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी क्रिकेट इतिहास के अब तक के सबसे महानतम कप्तानों में से एक हैं। शांत दिमाग और उत्कृष्ट निर्णय लेने की योग्यता के साथ उनकी एक अलग क्षमता ने भारतीय क्रिकेट को बुलंदियों पर पहुंचाया है। भारत को साल 2007 में आईसीसी टी 20 विश्वकप तथा 2011 में 50 ओवर के विश्वकप व साल 2013 में चैम्पियंस ट्रॉफी का विजेता बनाया था।
सभी क्रिकेट फैंस को यह याद होगा कि, महेंद्र सिंह धोनी ने 2011 के विश्वकप में 91 रनों की मैच जिताने वाली पारी खेली थी। जिसमें उनके बल्ले से विजयी रन के रूप में शानदार छक्का भी निकला था। गौरतलब है कि, धोनी ने जिस बल्ले से यह छक्का मारा था उसे जब नीलामी में रखा गया तब उसे आरके ग्लोबल शेयर्स एंड सिक्योरिटीज लिमिटेड (इंडिया) ने £100,000 ($161,295) में खरीदा था। इस प्रकार, यह अब तक का सबसे महंगा क्रिकेट बैट बन गया और गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो गया है।
2.) सचिन तेंदुलकर:
सचिन तेंदुलकर ने भारतीय क्रिकेट के साथ हु विश्व क्रिकेट को जो दिया है वह किसी ज़िक्र का मोहताज नहीं है। क्रिकेट के भगवान के नाम से मशहूर सचिन तेंदुलकर ने हमेशा के लिए ब्रायन लारा और सर डॉन ब्रैडमैन जैसे महान लोगों के साथ अपना नाम दर्ज कराया है। तेंदुलकर ने बहुत कम उम्र में उच्चतम स्तर पर खेलना शुरू कर दिया था। उन्होंने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच 16 साल की छोटी उम्र में ही खेल लिया था। यही कारण है कि उनका करियर लंबा और शानदार रहा।
सचिन तेंदुलकर के नाम करियर में सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने का रिकॉर्ड है। उन्होंने अपने अविश्वसनीय करियर में 200 टेस्ट मैच खेले हैं। 16 साल की उम्र में डेब्यू करना और फिर 15 साल से अधिक समय तक लगातार खेलना एक ऐसा कारनामा है जिसे क्रिकेट में कभी दोहराया नहीं जा सका है।
3.) एलिसा हीली:
ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हीली दाएं हाथ की विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। एलिसा एक प्रतिभाशाली बल्लेबाज हैं, और एक टी20I (महिला) में सबसे अधिक रन बनाने के के कारण उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हैं। हीली ने श्रीलंका के खिलाफ सिडनी में खेले गए तीसरे टी20 मैच में महज 61 गेंदों में 148 रनों की शानदार पारी खेली थी। उनकी इस पारी में 19 चौके और 7 छक्के शामिल थे।
हीली की इस बेहतरीन बल्लेबाजी ने ऑस्ट्रेलिया को 226 के स्कोर पर पहुंचा दिया था। इस प्रकार, उन्होंने इस लाजबाब नॉक के लिए उपयुक्त रूप से प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया था।
4.) शोएब अख्तर:
शोएब अख्तर अब तक के सबसे महान तेज गेंदबाजों में से एक हैं। शोएब जब अपने फॉर्म में होते थे तब वह लगातार 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करते थे। इस प्रकार वह ‘रावलपिंडी एक्सप्रेस’ के नाम से भी मशहूर हो गए थे। शोएब की धारदार गेंदबाजी के आगे विश्व के बेहतरीन बल्लेबाज भी खौफ़ खाते थे।
शोएब अख्तर हमेशा ही अपनी प्रतिष्ठा पर खरे उतरे साथ ही एक तेज गेंदबाज होने के नाते वह 161.3 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने में सफल रहे, जो अब तक का सर्वाधिक रिकॉर्ड है। इसलिए, उन्हें गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी प्रवेश दिया। वास्तव में, उन्होंने ऐसा 22 फरवरी 2003 को दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में आयोजित विश्वकप में इंग्लैंड के खिलाफ यह कारनामा किया था।
5.) जोस बटलर:
जोस बटलर इंग्लैंड की उस टीम का हिस्सा थे जिसने साल 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ विवादास्पद अंदाज में विश्वकप फाइनल में जीत दर्ज की थी। गत वर्ष, उन्होंने COVID-19 के प्रकोप के बाद रॉयल ब्रॉम्प्टन और हरेफील्ड हॉस्पिटल के लिए धन जुटाने के उद्देश्य फाइनल मैच में पहनी जर्सी को नीलामी के लिए रखा था।
हालांकि, ऐसा अनुमान था कि जोस बटलर की यह जर्सी बड़ी बोली हासिल करेगी। लेकिन, शायद ही किसी ने सोचा हो कि जर्सी 82 बोलियों को आकर्षित करने में कामयाब होगी। लेकिन, ऐसा ही हुआ और अंततः जर्सी को £65,100 में बेचा गया। इस प्रकार, यह किसी ऑनलाइन नीलामी में बिकने वाली अब तक की सबसे महंगी क्रिकेट शर्ट बन गई और जोस बटलर का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हो गया।